आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद में संचालित “स्वच्छ जौनपुर, स्वस्थ जौनपुर” अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सफाईकर्मियों को सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 सफाईकर्मियों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।
सम्मान समारोह में मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज की आधारशिला है। गांवों में साफ-सफाई बनाए रखने में सफाईकर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके समर्पण और मेहनत से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ वातावरण का निर्माण हो रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में तैनात सफाईकर्मी पूरी निष्ठा, लगन और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उनके अथक प्रयासों से सार्वजनिक स्थलों, सड़कों और सामुदायिक परिसरों की नियमित सफाई सुनिश्चित हो रही है तथा गांवों में स्वच्छता के निर्धारित मानकों को बनाए रखने में सफलता मिल रही है।
उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मठ कर्मचारियों को सम्मानित करने का उद्देश्य अन्य सफाईकर्मियों को भी प्रेरित करना है, ताकि स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने सम्मानित सफाईकर्मियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
