आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर तिलक धारी स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.(डॉ ) राम आसरे सिंह ने परिसर में औषधीय और छायादार पौधे रोपकर किया। इस दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत बताया।
उपस्थित प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही हमारा कर्तव्य नहीं है, बल्कि उन्हें जीवित रखना और उनकी देखभाल करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील करते हुए 'एक छात्र, एक पौधा' का संकल्प दिलाया और कहा कि यदि हर युवा एक पौधे की जिम्मेदारी ले ले, तो हम प्रकृति को आने वाले संकटों से बचा सकते हैं।
प्राचार्य ने आगे कहा:
"ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के इस दौर में वृक्ष ही हमारे सबसे बड़े सुरक्षा कवच हैं। टीडी कॉलेज हमेशा से पर्यावरण के प्रति सजग रहा है और हमारा लक्ष्य परिसर को पूरी तरह से हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाना है।"
इस मुहिम के तहत कॉलेज परिसर, खेल मैदान में पारंपरिक और पर्यावरण अनुकूल पौधे लगाए गए। इस अवसर प्रोफेसर के बी यादव, प्रोफेसर मनोज कुमार सिंह ने भी पर्यावरण संरक्षण हेतु छात्र छात्राओं को प्रेरित किया तथा कॉलेज के वरिष्ठ प्राध्यापक, एनसीसी कैडेट्स, रोवर्स-रेंजर्स और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया ।
