कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जलालपुर कोतवाली क्षेत्र के जीवित गांव के निकट शुक्रवार सुबह नहर किनारे लगभग 45 वर्षीय एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, किसी भारी वस्तु या ईंट से चेहरे पर वार कर उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को मृतक के पास से एक आधार कार्ड मिला है, जिस पर संजय पुत्र लल्लू, निवासी बीबीपुर, थाना बसखारी अंकित है। पुलिस आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान की पुष्टि करने के साथ ही परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
शुक्रवार सुबह जब ग्रामीणों ने नहर किनारे शव देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जलालपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कोतवाल अजय प्रताप यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त की पुष्टि तथा मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
