आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा सदर विधायक गिरीश चंद्र यादव ने सोमवार को शहर क्षेत्र में ₹3.29 करोड़ की लागत से बनने वाली दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की विकासोन्मुख नीतियों के कारण जौनपुर तेजी से आधुनिक बुनियादी सुविधाओं से जुड़ रहा है।
शिलान्यास की गई परियोजनाओं में भंडारी शीतला चौकिया मार्ग से लखनपुर होते हुए रेलवे क्रासिंग तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य शामिल है, जिस पर ₹3.17 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा मियापुर क्षेत्र में इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण का कार्य ₹12.36 लाख की लागत से कराया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जौनपुर के विकास को नई गति मिली है। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कें क्षेत्र की अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने बताया कि शहर में लंबे समय से रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले जाम की समस्या को दूर करने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम चल रहा है। बनारस रोड जगदीशपुर और प्रयागराज रोड नईगंज पर रेलवे ओवरब्रिज निर्माण शुरू हो चुका है, जबकि शाहगंज रोड लखनपुर पर प्रस्तावित डबल रेलवे ओवरब्रिज का कार्य भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
मंत्री ने कहा कि गोमती नदी पर नए पुलों का निर्माण, रिंग रोड परियोजना, केंद्रीय विद्यालय, घाटों का सुंदरीकरण और खेल सुविधाओं का विस्तार जौनपुर के विकास को नई दिशा दे रहा है। सरकार का उद्देश्य गांव-गांव तक बेहतर सड़क, युवाओं को अवसर, महिलाओं को सम्मान और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में सदर विधानसभा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की तस्वीर बदली है।
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या मौजूद रही।
.jpeg)