आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा आयोजित 30 दिवसीय निशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन समारोह सोमवार को टीप-टॉप ब्यूटी पार्लर, टीडी कॉलेज दक्षिणी गेट स्थित प्रशिक्षण केंद्र पर उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। समापन अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कोतवाली की प्रथम महिला कोतवाल अनीता सिंह और महिला थाना साइबर सेल प्रभारी नीलम सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट की अध्यक्ष उर्वशी सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्था समाज के विभिन्न वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है और महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि अनीता सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त होना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें स्वरोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश देते हुए मिशन शक्ति अभियान के तहत संचालित विभिन्न सुरक्षा एवं सहायता हेल्पलाइन की जानकारी भी साझा की।
विशिष्ट अतिथि नीलम सिंह ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए महिलाओं और युवतियों को ऑनलाइन ठगी एवं साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।
समारोह के दौरान प्रशिक्षक सीमा गुप्ता एवं क्षमा सिंह के साथ मुख्य अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं एवं बालिकाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए। शिविर में सुधा सिंह, रीना, आलिया, सुमन, मिनू और अनीता ने प्रशिक्षक के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। बेस्ट मेकअप श्रेणी में प्रियंका मौर्या, बेस्ट हेयर कट में तनुप्रिया सिंह, हेयर डू प्रतियोगिता में वंदना सोनकर तथा बेस्ट स्किन (एडवांस) श्रेणी में साहिबा अफसर को पुरस्कार प्रदान किया गया।
समारोह का समापन महासचिव राधिका सिंह एवं नीलम मिश्रा द्वारा अतिथियों, प्रशिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करने के साथ हुआ। उपस्थित लोगों ने इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
