कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।महमाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय में प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव के सतत जनहित एवं मरीज हित में प्राप्त दिशा-निर्देशों के अनुरूप अस्थि रोग विभाग द्वारा पैरों के सुन्नपन (फुट न्यूरोपैथी) की जांच हेतु विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन विभागाध्यक्ष एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. जावेद अहमद की ओपीडी में किया गया, जिसमें लगभग 280 मरीजों की जांच की गई।
शिविर में ऐसे मरीजों की विशेष रूप से जांच की गई, जिन्हें मधुमेह, कमर से निकलने वाली नसों पर दबाव अथवा अन्य कारणों से पैरों में सुन्नपन की समस्या हो सकती है। विशेषज्ञों ने बताया कि इस प्रकार की जांच से भविष्य में होने वाली गंभीर समस्याओं, जैसे पैरों में अल्सर एवं अन्य जटिलताओं, की समय रहते पहचान कर उनका समुचित उपचार किया जा सकता है।
इस विशेष जांच शिविर के आयोजन एवं संचालन में डॉ. शुभम गुप्ता का योगदान प्रमुख रहा।
वहीं अस्थि रोग विभाग के सहायक आचार्य डॉ. विवेक श्रीवास्तव, डॉ. दीपक मौर्य एवं डॉ. राकेश ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
चिकित्सालय प्रशासन ने बताया कि ऐसे जनहितकारी स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य मरीजों में रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच सुनिश्चित करना तथा गंभीर जटिलताओं से बचाव के लिए प्रभावी उपचार उपलब्ध कराना है। मरीजों एवं उनके परिजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
