देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में कैंप कार्यालय स्थित सभागार में सीएम डैशबोर्ड आधारित विकास कार्यों एवं निर्माण परियोजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि अप्रैल माह की जारी रैंकिंग में जनपद का स्थान 25वां था, जबकि मई माह में जनपद ने उल्लेखनीय सुधार करते हुए 16वीं रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि पर उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए आगामी माह में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।समीक्षा के दौरान अतिरिक्त ऊर्जा विभाग की पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना,चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की जननी सुरक्षा योजना,जल जीवन मिशन की हर घर जल योजना, फैमिली आईडी, महिला एवं बाल विकास विभाग के पोषण अभियान,सूक्ष्म,लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान तथा लोक शिकायत निस्तारण प्रणाली आईजीआरएस की प्रगति का अवलोकन किया गया। जिन विभागों को ए-ग्रेड प्राप्त है,उन्हें अपना प्रदर्शन बनाए रखने तथा जिन विभागों की ग्रेडिंग कमजोर रही है,उन्हें विशेष प्रयास कर वर्तमान माह में ए-ग्रेड प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।पीएम किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कृषि उपनिदेशक को ऐसे किसानों की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए,जिन्हें पूर्व में योजना की किस्तें प्राप्त हुई थीं, लेकिन वर्तमान में भुगतान नहीं हो रहा है। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत निरस्त दावों की कारण सहित विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा में जिन विकास खंडों में प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई, वहां के खंड विकास अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश परियोजना निदेशक को दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि निर्धारित समयावधि में प्रगति न होने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।दिव्यांग पेंशन योजना में समय सीमा के उपरांत कोई भी प्रकरण लंबित न रहने तथा सभी पात्र लाभार्थियों को समय से लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान 90 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश सहायक अभियंता जल निगम को जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। इसके साथ ही ऐसे ग्रामों की सूची उपलब्ध कराने को कहा,जहां कार्य 90 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुके हैं। जिलाधिकारी ने पीडी,बीडीओ एवं डीसी मनरेगा की संयुक्त टीम गठित कर स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि किसी भी कार्यदायी संस्था का भुगतान बिना कटौती न किया जाए।अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।फैमिली आईडी योजना में बी-ग्रेड प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की शीघ्र पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।पंचम राज्य वित्त आयोग की धनराशि के उपयोग की समीक्षा में उन्होंने प्रगति पर चल रहे कार्यों का तत्काल भुगतान करने तथा नए कार्यों का अनुमोदन प्राप्त होने के बाद ही क्रियान्वयन एवं भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में अवकाश के कारण निरीक्षण कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं हो पाए हैं। आगामी कार्यदिवसों में अधिकतम विद्यालयों का निरीक्षण संबंधित अधिकारी करें।एमएसएमई विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं पोषण अभियान में सी-ग्रेड प्राप्त होने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी सीडीपीओ एवं खंड विकास अधिकारियों को नियमित समीक्षा एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के माध्यम से सुधार लाने के निर्देश दिए।लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला महिला अस्पताल मार्ग एवं बाल निकेतन के निकट निर्माणाधीन ओवरब्रिज क्षेत्र में आवश्यक सड़क निर्माण कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए।श्रम विभाग की समीक्षा में सहायक श्रम आयुक्त को विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने,विशेष शिविर आयोजित कर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं की जानकारी देने तथा लाभान्वित कराने के निर्देश दिए गए।समाज कल्याण विभाग की राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना एवं वृद्धावस्था पेंशन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर लंबित मामलों को तत्काल समाप्त करने के निर्देश दिए।सिंचाई विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ पूर्व तैयारियों से संबंधित सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं को हर हाल में 30 जून तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है,वे अपनी योजनाओं की नियमित समीक्षा करें और अपेक्षित सुधार लाएं। यदि अगले माह भी प्रगति में सुधार नहीं पाया गया तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.पंकज कुमार राय,जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष कुमार उपाध्याय सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में जनपद की रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार,मई माह में 25वें से 16वें स्थान पर पहुंचा जनपद
जून 23, 2026
0
Tags
