देवल संवाददाता, मऊ। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के छह वर्ष पूरे होने पर नगर पालिका परिसर में आज भव्य रूप से स्वनिधि महोत्सव मनाया गया। महोत्सव में अधिशासी अधिकारी डा. मणि भूषण तिवारी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य द्वारा पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले शहरी पथ विक्रेताओं को रू0 25 हजार एवं रू0 50 हजार का डमी चेक एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही डिजिटल लेन-देन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विक्रेताओं को भी सम्मानित किया गया है।जानकारी देते हुये राजस्व निरीक्षक बलराम पाण्डेय ने बताया कि सरकार की उक्त योजनांतर्गत पंजीयन की प्रक्रिया जारी है और नगर के पंजीकृत वेण्डरों को भारत सरकार की 8 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जायेगा। उन योजनाओं में पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, बीओएसडीबीएलयू के अंतर्गत पंजीकरण,प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना,वन नेशन वन कार्ड,जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पंजीयन सम्बन्धी विशेष जानकारी के लिये डूडा मऊ के मोहम्मद रिज़वान से उनके मोबाइल नं0 9151999413 एवं न०पा०प०, मऊ के मोअज़्ज़म यासिर से मोबाइल नं0 9151402040 पर संपर्क किया जा सकता है। उक्त स्वनिधि महोत्सव में लाभार्थियों ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुये बताया कि कोरोना काल में आर्थिक संकट के समय पीएम स्वनिधि योजना के तहत ऋण प्राप्तक कर अपना कारोबार शुरू किया था जिससे उनका जीविकोपाजर्न अब सहल बन गया।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्य ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना शहरी पथ विक्रेताओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है जिसके माध्यम से ठेला व खोमचा चलाने वाले व्यक्तियों को आर्थिक सहायता दी जाती है। अधिशासी अधिकारी डा. मणि भूषण तिवारी ने स्वनिधि महोत्सव में ‘आत्मनिर्भर वेंडर्स,सशक्त अर्थव्यवस्था’के नारे के साथ अत्मनिर्भरता का संदेश देते हुये कहा कि देश के छोटे व्यवसाई ही हमारे समाज की रीढ़ हैं। नगर पालिका प्रशासन हमारे इन कर्मठ भाई-बहनों के विकास और प्रगति के लिये हमेशा प्रतिबद्ध है। डूडा के प्रबन्धक मोहम्मद रिजवान ने लाभार्थियों को उक्त योजना की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नौजवानों को आर्थिक रूप से आगे बढ़ने की प्रेरणा दी तथा डिजिटल लेन-देन के प्रति उन्हें जागरूक भी किया। उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से लाखों रेहड़ी,पटरी और ठेला संचालकों को आर्थिक सहायता, डिजिटल सशक्तिकरण और स्वरोजगार के नये-नये अवसर उपलब्ध हो रहे हैं और इस योजना से परिवारों के चेहरों पर रौनक आने लगी है। उक्त स्वनिधि महोत्सव में भाजपा जिला अध्यक्ष रामाश्रय मौर्य,अधिशासी अधिकारी डा. मणि भूषण तिवारी,सभासद प्रतिनिधि इन्द्रदेव प्रसाद,राजीव सैनी,धर्मेन्द्र राय,नीरज गुप्ता,दीपू चौरसिया,सचिन्दर सिंह,इण्डियन बैंक के प्रबंधक राज रतन,नगर पालिका परिषद से अनित सिंह, डूडा से मोहम्मद रिजवान के इलावा विभागीय अधिकारीगण एवं कर्मचारी मौजूद रहे
