देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जन शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को जिले के सभी नगरीय निकायों में समाधान दिवस (संभव) का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद सोनभद्र में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद एवं अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने की।
समाधान दिवस के दौरान जिले के विभिन्न नगर निकायों में कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें साफ-सफाई, पेयजल, मार्ग प्रकाश एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। प्राप्त शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए और अधिकांश मामलों का तत्काल समाधान कराया गया। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, नगर पालिका परिषद सोनभद्र में 2, नगर पंचायत चुर्क-घुर्मा में 3, चोपन में 5, ओबरा में 4, पिपरी में 3, दुद्धी में 3, डाला बाजार में 1 तथा अनपरा में 2 शिकायतें दर्ज की गईं। वहीं नगर पंचायत घोरावल और रेणुकूट में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई। अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि जनता की समस्याओं को सुनना और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी निकायों को निर्देशित किया गया है कि जन समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने बताया कि समाधान दिवस का उद्देश्य आम नागरिकों को उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराना है, जिससे शिकायतों का शीघ्र एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका कर्मचारियों एवं संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति रही।
.jpg)