“12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” विषय पर विकसित भारत संकल्प सम्मेलन का आयोजन
आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर व्यापक चर्चा के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट प्रेक्षागृह में “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” विषयक विकसित भारत संकल्प सम्मेलन (प्रबुद्ध जन) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश मंत्री शंकर गिरी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार मंत्री गिरीश चन्द्र यादव एवं जिला प्रभारी अशोक चौरसिया मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि शंकर गिरी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान बना रहा है और आत्मनिर्भर भारत का सपना तेजी से साकार हो रहा है। उन्होंने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए समाज के प्रबुद्ध वर्ग से सक्रिय सहभागिता की अपील की।
स्वतंत्र प्रभार मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन स्तर को बेहतर बनाना रही है। उन्होंने उपस्थित बुद्धिजीवियों से विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी अशोक चौरसिया ने कहा कि पिछले वर्षों में देश ने अनेक ऐतिहासिक और दूरगामी निर्णयों का साक्षी बना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है तथा विकास और सुशासन के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित हुए हैं। उन्होंने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता को भाजपा की सफलता का आधार बताया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने वंदे भारत ट्रेन, एक्सप्रेस-वे, रेलवे आधुनिकीकरण, यूपीआई और डिजिटल इंडिया जैसी पहलों को नए भारत की पहचान बताया।
सम्मेलन के दौरान राष्ट्र निर्माण, सामाजिक सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनजागरूकता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्ध नागरिकों एवं विशिष्ट अतिथियों को सम्मानित भी किया गया। वक्ताओं ने विकसित भारत के निर्माण में जनभागीदारी को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए सभी वर्गों से इस राष्ट्रीय संकल्प में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने तथा राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अजय सिंह ने किया। इस अवसर पर जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, संदीप तिवारी, जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा, परविंदर चौहान, पुष्पा निषाद, नीरज मौर्य, अमित श्रीवास्तव, राज पटेल, संतोष मिश्रा, राजकेशर पाल, धर्मेन्द्र मिश्रा, डॉ. देवी प्रसाद सिंह, राजेश गुप्ता, सुधांशु सिंह, विकास शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष रीता जायसवाल, दीपक सिंह, घनश्याम यादव, जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह, विशाल गौतम, रोहन सिंह, अमित पाठक, सिद्धार्थ राय सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद, चिकित्सक, अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
.jpeg)