पुलिस लाइन अकबरपुर सहित सभी विकास खण्डों में उत्साहपूर्वक हुआ योगाभ्यास
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे योग सप्ताह के अंतर्गत जनपद के समस्त विकास खण्डों तथा पुलिस लाइन अकबरपुर में बृहद योग शिविरों का आयोजन किया गया। योग शिविरों में अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस बल एवं आमजन ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
पुलिस लाइन अकबरपुर में आयोजित योग शिविर में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को योग की विभिन्न विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करते हुए इसके शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।
योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनावमुक्त, स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन योग करने तथा स्वस्थ, निरोग एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। योग शिविरों के माध्यम से जनपदवासियों में योग के प्रति व्यापक जागरूकता एवं उत्साह देखने को मिला।
जिलाधिकारी ने 21 जून को राजकीय हवाई पट्टी आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।
l
