कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित नीट (यूजी)-2026 परीक्षा जनपद के सभी 11 परीक्षा केंद्रों पर सकुशल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न हुई। परीक्षा में कुल पंजीकृत 5,088 अभ्यार्थियों में से 4765 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यापक सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
परीक्षा के दौरान जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों यथा राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अकबरपुर एवं बीएनकेबी इण्टर कॉलेज अकबरपुर आदि का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा केंद्राध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा की शुचिता, सुरक्षा एवं अनुशासन बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए अभ्यर्थियों को सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस दौरान परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, मजिस्ट्रेटों की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं चिकित्सा सहायता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं।
