दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह आईपीएल 2026 में गेंद के साथ संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने 8 मैचों में मात्र 2 विकेट हासिल किए हैं। बुमराह के इस संघर्ष को देखते हुए भारत के पूर्व कप्तान क्रिस श्रीकांत ने बड़ा बयान दिया है। श्रीकांत ने बुमराह की सबसे बड़ी गलती बताई है, जिसकी वजह से उन्हें आईपीएल के मौजूदा में अभी तक सफलता नहीं मिल रही है।
श्रीकांत का कहना है कि बुमराह धीमी गेंदबाजी कर रहे हैं और उनका इस तरह से बॉलिंग करना बेकार है। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के जोफ्रा आर्चर का उदाहरण दिया। पूर्व क्रिकेटर का मानना है कि आर्चर फुल स्पीड के साथ गेंदबाजी कर रहे हैं और बल्लाबाजों से बाहरी किनारा निकालने की कोशिश करते हैं। श्रीकांत ने बुमाह को भी इसी तरह गेंदबाजी करने की सलाह दी है।
क्रिस श्रीकांत ने जसप्रीत बुमराह को लेकर दिया बयान
पूर्व भारतीय कप्तान ने अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए कहा, "जसप्रीत बुमराह धीमी गेंदें बहुत अधिक फेंक रहे हैं। अग आपके पास नई गेंद और आपके सामने दो दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, तो उनके बल्ले से बाहरी किनारा निकालने की कोशिश करें। बुमराह का नई गेंद से इतनी धीमी गेंदबाजी करना बेकार है। आर्चर को देखें, तो पता चलेगा कि वे पिछले कुछ मैचों से क्या कर रहे हैं। वो पूरी रफ्तार के साथ गेंदबाजी कर रहे हैं और बल्लेबाजों को विकेटकीपर के हाथों कैच आउट करा रहे हैं। बुमराह को भी उनकी तरह ही गेंदबाजी करनी चाहिए।"
श्रीकांत ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, "बुमराह में अस सीजन बिल्कुल भी जोश नहीं दिख रहा है। उनकी एक गेंद भी खतरनाक नहीं लगी है। मुझे लगता है कि शायद वे थके हुए हैं और इसलिए मैं उन्हें दोष नहीं दे सकता। इस समय साफतौर पर दिख रहा है कि वे अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं हैं। वो अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं लेकिन उसके बावजूद बहुत साधारण दिख रहे हैं।"
बुमराह और मुंबई इंडियंस का खराब प्रदर्शन
बुमराह इस सीजन सफल नहीं रहे हैं और उनके खराब प्रदर्शन का प्रभाव टीम पर भी पड़ा है। मुंबई ने 8 मुकाबले खेले हैं और मात्र 2 मैचों में जीत मिली है। एमआई की टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। इसके अलावा बुमराह के नाम भी अब तक 2 विकेट रहे हैं, जिसकी वजह से 5 बार की विजेता टीम की गेंदबाजी बेहद साधारण नजर आ रही है।
