अमेरिका ने बौद्धिक संपदा अधिकारों की प्राथमिकता निगरानी सूची में भारत को बरकरार रखा है। प्राथमिकता निगरानी सूची में भारत के अलावा चीन, इंडोनेशिया, चिली, रूस और वेनेजुएला शामिल हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है, "बौद्धिक संपदा के संरक्षण और प्रवर्तन के मामले में भारत दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक बना हुआ है।" अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि सभा द्वारा गुरुवार को जारी बौद्धिक संपदा संरक्षण और प्रवर्तन 2026 पर विशेष रिपोर्ट में वियतनाम को प्राथमिकता प्राप्त विदेशी देश (पीएफसी) के रूप में सूचीबद्ध किया गया है।
13 वर्षों में पहली बार कोई देश शामिल
पिछले 13 वर्षों में यह पहली बार है कि किसी देश को इस श्रेणी में शामिल किया गया है। पीएफसी की पहचान उन देशों के लिए आरक्षित है, जिनके बौद्धिक संपदा संबंधी कृत्य, नीतियां और प्रथाएं सबसे गंभीर हैं और जिनका संबंधित अमेरिकी उत्पादों पर सबसे अधिक प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
किसी व्यापारिक साझेदार को प्राथमिकता निगरानी सूची या निगरानी सूची में शामिल करने का अर्थ है कि उस देश में बौद्धिक संपदा संरक्षण, प्रवर्तन या बौद्धिक संपदा पर निर्भर अमेरिकी व्यक्तियों के लिए बाजार पहुंच के संबंध में विशेष समस्याएं मौजूद हैं। इस निगरानी सूची में यूरोपीय संघ, तुर्किये और पाकिस्तान सहित 19 देश शामिल हैं।
