आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शहर के जौनपुर सिटी स्टेशन रेलवे क्रॉसिंग के पास ओवरब्रिज के नीचे शनिवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब रेलवे लाइन किनारे एक अज्ञात महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला। शव के पास लगभग दो वर्षीय मासूम बच्चा रोता हुआ मिला, जिसे देखकर मौके पर मौजूद लोगों का दिल दहल उठा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात तक पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। एसपी सिटी सहित कई अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेलवे लाइन के किनारे महिला का शव पड़ा था, जबकि पास में छोटा बच्चा लगातार रो रहा था। आसपास के लोगों ने बच्चे को संभाला और पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला की पहचान देर रात तक नहीं हो सकी थी। पुलिस आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड के आधार पर शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
प्राथमिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने के कारण पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला की मौत कैसे हुई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है।
मासूम बच्चे को फिलहाल पुलिस की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
