आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लाइनबाजार थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पुलिस द्वारा सीज कर सड़क किनारे खड़े किए गए वाहनों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और एक इनोवा कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि पास में खड़ी बस भी आग की चपेट में आ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब एक बजे वाराणसी मार्ग पर थाना परिसर से कुछ दूरी पर खड़े वाहनों से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में आग की तेज लपटें निकलने लगीं, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी।
बताया जा रहा है कि आग सबसे पहले सीज की गई इनोवा कार में लगी और तेज गर्मी व हवा के चलते कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी आग की लपटों से घिर गई। आग की भयावहता इतनी अधिक थी कि पास में खड़ी एक बस भी इसकी चपेट में आ गई। मौके पर मौजूद लोग आग बुझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन आग लगातार फैलती चली गई।
सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक इनोवा कार पूरी तरह जल चुकी थी और बस को भी काफी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद मौके पर पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
.jpeg)