आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए गोमती नगर से खोरधा रोड के बीच साप्ताहिक ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से जौनपुर सहित पूर्वांचल के यात्रियों को ओडिशा और पूर्वी भारत की यात्रा में काफी सहूलियत मिलेगी।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि ट्रेन संख्या 05064 गोमती नगर-खोरधा रोड ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन 28 मई से 18 जून तक प्रत्येक बृहस्पतिवार को संचालित की जाएगी। यह ट्रेन शाम 6:55 बजे गोमती नगर रेलवे स्टेशन से रवाना होकर विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होते हुए ओडिशा पहुंचेगी।
मार्ग में ट्रेन का ठहराव गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया सदर, मऊ, औड़िहार और जौनपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर किया गया है। ट्रेन दूसरे दिन सुबह लगभग 5:30 बजे जौनपुर पहुंचेगी, जिसके बाद यह वाराणसी जंक्शन के लिए रवाना होगी।
इसके आगे ट्रेन पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, सासाराम, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन, बालेश्वर, जाजपुर-केन्दुझर रोड और भुवनेश्वर होते हुए तीसरे दिन दोपहर 2:25 बजे खोरधा रोड जंक्शन पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन के इस फैसले से गर्मी की छुट्टियों में यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। खासकर ओडिशा, पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेन सुविधा का लाभ मिलेगा।
