आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई है। जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि जनपद की सभी गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं और उपभोक्ताओं को नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है। किसी भी प्रकार की घबराहट या अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार 20 मई 2026 को जनपद की इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसीएल) की 53 गैस एजेंसियों पर 6,467 घरेलू गैस सिलेंडर उपलब्ध रहे। वहीं भारत पेट्रोलियम (बीपीसीएल) की 21 एजेंसियों पर 5,627 तथा हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) की 18 एजेंसियों पर 6,792 गैस सिलेंडरों का स्टॉक मौजूद था।
उन्होंने बताया कि 19 मई 2026 को जिले की सभी 92 गैस एजेंसियों पर कुल 9,717 गैस सिलेंडरों की बुकिंग दर्ज की गई थी, जबकि 10,306 सिलेंडरों की सफलतापूर्वक उपभोक्ताओं तक डिलीवरी की गई। इससे स्पष्ट है कि एजेंसियों द्वारा लगातार आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखी जा रही है।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक वर्तमान समय में आईओसीएल के 24,471, बीपीसीएल के 47,676 तथा एचपीसीएल के 12,322 सिलेंडरों की डिलीवरी लंबित है। हालांकि उपलब्ध आपूर्ति व्यवस्था के अनुसार सामान्य रूप से बुकिंग के लगभग एक सप्ताह के भीतर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस सिलेंडर बुक कराने के बाद एजेंसी की होम डिलीवरी सेवा के माध्यम से ही सिलेंडर प्राप्त करें। गैस एजेंसियों एवं गोदामों पर अनावश्यक भीड़ या लाइन लगाने से बचने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सिलेंडरों की आपूर्ति केवल होम डिलीवरी व्यवस्था के माध्यम से की जाएगी तथा उपभोक्ताओं से शांति एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।
