आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के उतरीजपुर गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जमीन विवाद से परेशान एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। करीब तीन घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान लोग युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास करते रहे।
जानकारी के अनुसार विशेषरपुर (साईनाथ) निवासी लगभग 30 वर्षीय श्रीप्रकाश यादव पुत्र राजाराम यादव ने अपनी जमीन के सीमांकन में अनियमितता का आरोप लगाते हुए विरोध स्वरूप मोबाइल टावर पर चढ़कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। युवक का आरोप था कि गाटा संख्या 250 की जमीन का गलत तरीके से सीमांकन किया जा रहा है तथा दबाव बनाकर उसकी भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।
टावर पर बैठे युवक ने राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। युवक का कहना था कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उसकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिसके चलते उसे यह कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ा। वह मौके पर उच्च अधिकारियों को बुलाने की मांग करता रहा।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजन एवं स्थानीय लोग लगातार युवक को समझाने-बुझाने में जुटे रहे, लेकिन वह अपनी मांगों पर अड़ा रहा। तेज धूप और गर्मी के बीच युवक के लंबे समय तक टावर पर बैठे रहने से लोगों की चिंता बढ़ती गई।
सूचना मिलने पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। गांव में किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक युवक टावर पर मौजूद था और प्रशासनिक अधिकारियों से कार्रवाई का आश्वासन मिलने का इंतजार कर रहा था।
