आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लेखपाल भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। इसी क्रम में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने गुरुवार को शहर के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तिलकधारी सिंह इंटर कॉलेज, विधि महाविद्यालय पीलीकोठी तथा जीजीआईसी इंटर कॉलेज में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों तथा अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की।
डीएम ने केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की क्रियाशीलता की जांच की तथा पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शौचालय, बैठने की व्यवस्था एवं साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि आयोग की गाइडलाइन का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए और परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहकर सभी गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान स्टेटिक मजिस्ट्रेट, संबंधित विभागीय अधिकारी, केंद्र व्यवस्थापक एवं अन्य प्रशासनिक कर्मचारी मौजूद रहे।
