आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच लेखपाल भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों एवं उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए सामाजिक संस्था सद्भावना क्लब, जौनपुर द्वारा सराहनीय पहल की गई। संस्था की ओर से शिया कॉलेज गेट के पास नि:शुल्क शुद्ध एवं ठंडे पेयजल सेवा शिविर का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने पहुंचकर राहत महसूस की।
सेवा शिविर के दौरान क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने परीक्षार्थियों को लगातार ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया और भीषण गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सुविधाओं का भी ध्यान रखा। परीक्षा केंद्र के बाहर लगे इस सेवा शिविर की स्थानीय लोगों, अभिभावकों तथा परीक्षार्थियों ने जमकर प्रशंसा की।
क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था हमेशा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही है। उन्होंने कहा कि गर्मी के इस मौसम में दूर-दराज से आने वाले परीक्षार्थियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह सेवा कार्य आयोजित किया गया। भविष्य में भी जनहित एवं समाजसेवा से जुड़े कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष डॉ. विवेकानंद मौर्य, कोषाध्यक्ष विनीत गुप्ता, सचिव हर्ष माहेश्वरी, पूर्व अध्यक्ष लालजी यादव, पूर्व अध्यक्ष आशीष साहू, मधुसूदन बैंकर, डॉ. अलमदार नज़र, डॉ. एम.पी. बरनवाल, निवर्तमान अध्यक्ष मोहम्मद रज़ा खां, संतोष अग्रहरि, अखिलेश अग्रहरि, ज्ञानेंद्र कुमार पाल, रविंदर यादव, चंद्रेश मौर्य, अंश मौर्या, अवधेश यादव मौर्य सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
