देवल संवाददाता, जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े छिनैती की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। लहबरिया बाजार के पास सुबह करीब 10:30 बजे बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला के गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरदह थाना क्षेत्र के देहदुवार (लल्लूगंज) गांव निवासी शर्मिला गुप्ता पत्नी विनय गुप्ता अपने भाई अजय गुप्ता के साथ बाइक से मायके आंवक (थाना रानी की सराय) जा रही थीं। जैसे ही वे गंभीरपुर थाना क्षेत्र के लहबरिया बाजार से लगभग 100 मीटर आगे बढ़ीं, तभी पीछे से तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक किया।
अचानक बदमाशों ने महिला के गले पर झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीन लिया और तेजी से आजमगढ़ की ओर भाग निकले। घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़िता और उनके भाई को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
वारदात के तुरंत बाद पीड़िता ने 1076 आपात सेवा पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गंभीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पीड़िता शर्मिला गुप्ता के अनुसार छीना गया मंगलसूत्र करीब एक लाख रुपये का था। उन्होंने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ गंभीरपुर थाने में तहरीर दे दी है।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस छिनैती की घटना से क्षेत्र में भय का माहौल है। स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं और पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
