देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। शक्तिनगर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को घटना में प्रयुक्त आला कत्ल के साथ गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार थाना शक्तिनगर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रही आशा देवी उम्र 45 वर्ष की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतका की मां फुलमती देवी निवासी ग्राम कछनी थाना बैढ़न जनपद सिंगरौली (मध्य प्रदेश) ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 27 मई की रात उसकी पुत्री का पति महेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा और पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा। आरोप है कि विवाद के दौरान महेंद्र ने कपड़े से गला दबा दिया, जिससे आशा देवी अचेत हो गई और बाद में उसकी मौत हो गई। मामले में थाना शक्तिनगर पर मुकदमा अपराध संख्या 108/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया
गया। एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सत्येन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी महेंद्र गुप्ता पुत्र स्वर्गीय दशरथ निवासी भलुआ टोला थाना ओबरा को बोदरा बाबा रेलवे पुल अंडरपास क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त आला कत्ल भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई कर न्यायालय भेजा जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रामबचन सिंह यादव, कांस्टेबल उमेश कुमार गौतम एवं कांस्टेबल प्रशांत श्रीवास शामिल रहे।
.jpg)