आमिर, देवल ब्यूरो ,जलालपुर, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के त्रिलोचन महादेव मंदिर के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर मंदिर परिसर में घुस गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने कार चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के साथ कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तुल्लापुर रेहटी की ओर से तेज गति से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने सबसे पहले दूध का बल्टा लादकर जा रहे एक मोटरसाइकिल सवार युवक को टक्कर मार दी। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर त्रिलोचन महादेव मंदिर परिसर की ओर बढ़ गई। बताया जा रहा है कि कार लगभग 100 मीटर तक मंदिर परिसर में मौजूद लोगों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ती रही और मंदिर के मुख्य गेट के पास जाकर अचानक बंद हो गई।
हादसे के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना से नाराज भीड़ ने कार चालक को पकड़ लिया और जमकर धुनाई कर दी। आक्रोशित लोगों ने कार पर ईंट-पत्थर चलाकर उसे क्षतिग्रस्त भी कर दिया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी भिजवाया तथा चालक सहित कार को हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।
घायलों में अरविंद राजभर (32) पुत्र लाल बहादुर राजभर, प्रमोद कुमार (32) पुत्र विजय नारायण निवासी कोड़री, विशाल मिश्रा (26) पुत्र राजेश मिश्रा, आयुष सिंह (21) पुत्र विनय सिंह निवासी बराई तथा अंजलि पटेल (14) पुत्री अरविंद पटेल निवासी फूलपुर वाराणसी शामिल हैं। चिकित्सकों ने अरविंद राजभर की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक तनाव और भीड़ का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
