देवल संवाददाता, मऊ।श्रमिकों एवं श्रम विभाग से संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में जिला श्रम बन्धु की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में श्रमिक कल्याण से संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन,पंजीकरण एवं लाभार्थियों को समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं में आवेदन संख्या अपेक्षाकृत कम होने पर प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों से आवेदन प्राप्त किए जाएं,जिससे पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से मिल सके।बैठक में मृत्यु दिव्यांगता सहायता योजना की समीक्षा के दौरान वर्ष 2025-26 में 26 आवेदन लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने सहायक श्रम आयुक्त को तत्काल निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी से समझ में स्थापित कर पात्र बच्चों के आवेदन बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रमिक परिवारों के बच्चों को शिक्षा से जोड़ना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।जिलाधिकारी ने पंजीकृत श्रमिकों के नवीनीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकाधिक श्रमिकों का समय से नवीनीकरण कराया जाए,जिससे वे विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। इसके साथ ही प्रत्येक विकास खण्ड में पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर आयोजित करने के निर्देश भी जिलाधिकारी द्वारा दिए गए।बैठक में बाल श्रम उन्मूलन अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निरीक्षणों की संख्या बढ़ाने तथा बाल श्रम पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाल श्रम के विरुद्ध अभियान निरंतर चलाया जाए।बैठक के दौरान विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा लेबर अड्डा निर्माण,विद्युत विभाग में कार्यरत संविदा कर्मियों हेतु साप्ताहिक अवकाश,न्यूनतम वेतन लागू किए जाने सहित अन्य मांगें उठाई गईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को मांगों का परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी,सहायक श्रम आयुक्त प्रभात सिंह,श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
