देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र के तत्वावधान में शुक्रवार को इन्द्रपुरी कॉलोनी स्थित पूर्वाशी ग्रामीण उत्थान विकास सेवा समिति द्वारा संचालित बाल गृह (बालिका) का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण उच्च न्यायालय के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश / अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेश पर समिति के सदस्यगण द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान बाल गृह की अधीक्षिका नीलम सिंह सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहे। समिति ने बाल गृह में रह रही बालिकाओं की सुरक्षा, साफ-सफाई, भोजन व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान बाल गृह में कुल 48 बालिकाएं एवं एक नवजात शिशु आवासित पाए गए। इनमें सोनभद्र, मीरजापुर, शाहजहांपुर एवं भदोही जनपद की बालिकाएं शामिल हैं। समिति ने बालिकाओं को उपलब्ध कराए जा रहे नाश्ता एवं भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की और निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराए जाने की पुष्टि की। साथ ही परिसर की सुरक्षा व्यवस्था एवं स्वच्छता को संतोषजनक पाया गया। इस दौरान मिशन शक्ति अभियान के तहत बालिकाओं एवं महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें घरेलू हिंसा, दहेज प्रतिषेध कानून, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न से संरक्षण तथा निःशुल्क विधिक सहायता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। अधिकारियों ने बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने एवं किसी भी समस्या की स्थिति में विधिक सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। इस संबंध में जानकारी देते हुए राहुल ने बताया कि बालिकाओं के संरक्षण, सुरक्षा एवं अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से किए जा रहे हैं।
.jpg)