आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जौनपुर पुलिस द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को जिलेभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला पुलिसकर्मियों की टीमों ने स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर छात्राओं और महिलाओं को सुरक्षा संबंधी अधिकारों, सरकारी सुविधाओं और हेल्पलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिला पुलिस टीमों ने छात्राओं एवं महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध या अन्य आपराधिक घटनाओं की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करें। इसके लिए महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर भी जागरूक किया। महिलाओं और युवतियों को फर्जी कॉल, ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर ठगी, सोशल मीडिया ब्लैकमेलिंग और डिजिटल अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने, कानून द्वारा मिले अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार के भय या दबाव में न आने का संदेश दिया। पुलिस टीमों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक शिकायत पर त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जौनपुर पुलिस ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई जा रही है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
.jpeg)