आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जौनपुर पुलिस की साइबर क्राइम सेल को गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने में एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर क्राइम थाना एवं जनपद के विभिन्न थानों की साइबर सेल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सीईआईआर पोर्टल की मदद से 125 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में तथा एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव के नेतृत्व में संचालित अभियान के तहत की गई। साइबर टीम ने तकनीकी जांच और ट्रैकिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, बिहार, झारखंड और राजस्थान जैसे राज्यों से भी मोबाइल फोन रिकवर करने में सफलता हासिल की।
एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में अब तक कुल 1640 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस किए जा चुके हैं। इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 28 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि साइबर सेल लगातार आधुनिक तकनीक और सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से लोगों की समस्याओं के समाधान में जुटी हुई है।
मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई लोगों ने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते उनके मोबाइल वापस मिल सके। लोगों ने जौनपुर पुलिस और साइबर टीम का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत करें। साथ ही किसी भी प्रकार के साइबर अपराध या ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर तुरंत सूचना देने को कहा गया, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
