देवल संवाददाता, मऊ।आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक,संबंधित विभागों के अधिकारी,धर्मगुरु, मौलवीगण एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे,सौहार्द एवं सामाजिक समरसता के साथ मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाले अथवा भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वाले व्यक्तियों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी तथा उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट सूचना को साझा न करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि शांति समिति के सदस्यों द्वारा उठाए गए बिंदुओं पर संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर जाकर स्थल निरीक्षण करें तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने धर्मगुरुओं एवं मौलवीगण से शासन की मंशा के अनुरूप लोगों को जागरूक करने एवं शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने निर्देश दिए कि शहरी क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा मेला क्षेत्रों में विशेष निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नगर पालिका परिषद के हेल्पलाइन नंबर का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी जिलाधिकारी द्वारा दिए गए,जिससे नागरिक आवश्यक सेवाओं एवं शिकायतों के संबंध में तत्काल संपर्क कर सकें।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी तहसीलों एवं थानों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर शासन की मंशा से आमजन को अवगत कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को त्योहार के दौरान जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए सतर्क एवं सक्रिय रहने के निर्देश दिए।बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों ने घुमंतू पशुओं पर रोक लगाने,सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने, गड्ढों को ठीक ढंग से भरने,बंद नालों की विशेष सफाई कराने, खुले स्थानों पर कुर्बानी न करने,त्योहार के दिन सूअरों को सुरक्षित स्थानों पर रखने,स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखने,खीरी बाग रोड पर मेला अवधि के दौरान वाहन संचालन बंद कराने,जर्जर विद्युत खंभे बदलने तथा सड़कों पर पड़ी मिट्टी एवं मलबे की सफाई कराने जैसी मांगें रखीं।पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने कहा कि किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए तथा पूर्व से चली आ रही परंपराओं के अनुरूप ही त्योहार मनाया जाए। उन्होंने लाउडस्पीकर की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने, कुर्बानी के अवशेषों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा कुर्बानी से संबंधित फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल न करने की अपील की।अपर जिलाधिकारी सत्य प्रिय सिंह ने संबंधित विभागों को आवारा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने,समयबद्ध साफ-सफाई सुनिश्चित करने,अधिक गहरे गड्ढों को भरवाने,निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा नालों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी लोग परंपरागत ढंग से त्योहार मनाएं और प्रशासन के साथ सहयोग करते हुए जनपद में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखें। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के अलावा अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार,सिटी मजिस्ट्रेट रामबाबू,समस्त उप जिलाधिकारी समस्त क्षेत्राधिकारी,समस्त थानाध्यक्ष,नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरशद जमाल,पूर्व अध्यक्ष तैयब पालकी,पूर्व विधायक इम्तियाज,व्यापार संघ से उमाशंकर ओमर,भरत लाल,संजय वर्मा सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
