कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में लू–प्रकोप (हीटवेव) प्रबंधन के संबंध में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जनपद में संभावित हीटवेव की स्थिति से उत्पन्न चुनौतियों, उनके प्रभावी समाधान, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग, पशुपालन विभाग, स्थानीय नगर निकायों, श्रम विभाग, जल निगम, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, परिवहन विभाग, वन विभाग, सूचना विभाग, अग्निशमन विभाग तथा कृषि विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों द्वारा हीटवेव से निपटने हेतु किए गए प्रबंधों एवं तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर लू–प्रकोप से बचाव हेतु व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करें तथा “क्या करें–क्या न करें” संबंधी आवश्यक जानकारियों का प्रचार-प्रसार गांवों, कस्बों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न माध्यमों से सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने, बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा अत्यधिक गर्मी के दौरान सतर्क रहने के प्रति जागरूक किया जाए।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाइयों, ओआरएस, पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर निकायों एवं पंचायत विभाग को सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल व्यवस्था एवं छायादार स्थानों की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए हीटवेव से जनहानि रोकने एवं आमजन को राहत प्रदान करने हेतु पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
