डीएम के हस्तक्षेप पर पैदल व बाइक के लिए बनेगा वैकल्पिक मार्ग
देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। रावर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य के दौरान आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने गंभीर पहल शुरू कर दी है।
जनसुनवाई के दौरान जनप्रतिनिधियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों द्वारा संभावित यातायात समस्या को लेकर जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया, जिस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए निरीक्षण कराया गया।
प्रार्थना पत्र में बताया गया कि रॉबर्ट्सगंज-पन्नूगंज मार्ग बिहार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है और रेलवे क्रॉसिंग के पूर्वी क्षेत्र की बड़ी आबादी प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करती है। ऐसे में ओवरब्रिज निर्माण के दौरान फाटक बंद होने से लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। नागरिकों ने पैदल एवं बाइक सवारों के लिए वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग उठाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम चर्चित गौड़ ने उपजिलाधिकारी रॉबर्ट्सगंज अश्वनी कुमार, सीओ सिटी रणधीर मिश्रा तथा रेलवे विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम को मौके पर निरीक्षण कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्देश के क्रम में प्रशासन एवं रेलवे विभाग की संयुक्त टीम ने स्थल का निरीक्षण कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों से वार्ता की। निरीक्षण के दौरान ओवरब्रिज निर्माण स्थल के समीप एक वैकल्पिक स्थान चिन्हित किया गया, जहां से आमजन के पैदल आवागमन एवं बाइक संचालन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है। प्रस्तावित व्यवस्था पर स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने सहमति जताते हुए इसे जनहित में बेहतर कदम बताया। वहीं रेलवे विभाग के अधिकारियों ने भी शीघ्र आवश्यक कार्यवाही कर वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था लागू कराने का आश्वासन दिया है। जिला प्रशासन की इस पहल से निर्माण कार्य के दौरान लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
.jpg)