देवल संवाददाता, लखनऊ।कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आपत्तिजनक शब्द बोलते हुए कहा कि इन्होंने देश को अमेरिका को बेच दिया है।
उन्होंने सामने बैठे लोगों से कहा कि आप सब ताली बजा रहे हैं... लेकिन जब आरएसएस के सदस्य आपके सामने संविधान को फाड़कर फेंक देते हैं, तो आप चुप रहते हैं। मैं आपको बताना चाहता हूं कि इस संविधान में आपकी आवाज और आपका खून है। इसकी रक्षा करना और इसे बचाना आपका कर्तव्य और आपकी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपको विदेश यात्रा न करने को कहते हैं। वे आपको सोना न खरीदने को कहते हैं। वे आपको इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने को कहते हैं। आने वाले समय में किसानों को खाद भी नहीं मिलेगी। एक आर्थिक तूफान आ रहा है, आप कुछ ही महीनों में देखेंगे कि महंगाई कहां तक जाएगी, पेट्रोल की कीमतें कहां तक जाएंगी, डीजल की कीमतें कहां तक जाएंगी, गैस की कीमतें कहां तक जाएंगी। तेल-गैस के साथ दाल-चावल भी महंगा होगा।
भाजपा नेता ने दी प्रतिक्रिया, बोले- पीएम मोदी पिछड़े समाज से आते हैं, इसलिए दी जा रही गालियां
भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने कहा, "...जिस प्रकार की भाषा राहुल गांधी ने OBC समाज, गरीब समाज से आने वाले प्रधानमंत्री के लिए की है, उन्हें गद्दार कहा वह दिखाता है कि उनके संस्कार कैसे हैं। कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री के लिए ऐसी भाषा का इस्तेमाल करना कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कई गालियां दी हैं... क्योंकि प्रधानमंत्री OBC, गरीब समाज से आते हैं इसलिए उन्हें बार-बार गाली देने का काम ये लोग करते हैं। यह उनकी मानसिकता को दर्शाता है। जहाँ तक गद्दारी की बात है तो राहुल गांधी अपने परिवार का इतिहास देख लें, हर क्षण गद्दारी करने का काम किसने किया है?"
"संविधान से आरक्षण दिया, संविधान ने नौकरियां दी, वोट देने का अधिकार सरकार ने छीना"
राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी और आरएसएस की सोच ने देश के संविधान पर हमला किया है। संविधान ने आरक्षण दिया है। संविधान कहा है कि देश में पब्लिक सेक्टर होना चाहिए जिससे नौकरियां मिलती हैं लेकिन नरेंद्र मोदी ने देश का सारा धन अंबानी-अदाणी को पकड़ा दिया। मोदी सरकार ने मनरेगा बंद कर दिया। पब्लिक सेक्टर को निजी कर दिया। संविधान कहता है कि एक व्यक्ति के पास एक वोट होना चाहिए पर एसआईआर के माध्यम से करोड़ों लोगों के वोट काटे गए हैं।
