कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अम्बेडकरनगर जनपद के भीटी थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहझरा (अताउल्लाह नाउपुर) गांव में पारिवारिक जमीनी विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। गांव निवासी हृदयराम पुत्र विरतांती, जो पैर से विकलांग बताए जा रहे हैं, ने अपने ही भाई और भतीजों पर मारपीट, घर में घुसकर उत्पीड़न और फसल नुकसान का गंभीर आरोप लगाया है।
पीड़ित का कहना है कि विपक्षी राम जन्म, रवीन्द्र, वीरेन्द्र और संजय आए दिन दबंगई के बल पर उनकी पत्नी किरन के साथ मारपीट करते हैं। आरोप है कि जब हृदयराम घर पर नहीं रहते, तब विपक्षी घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। इतना ही नहीं, पीड़ित की गन्ने की खड़ी फसल को भी तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाया गया।
सूत्रों के अनुसार दोनों पक्ष आपस में भाई हैं और लंबे समय से जमीनी विवाद चला आ रहा है। गांव में आए दिन विवाद और तनाव की स्थिति बनी रहती है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो मामला और गंभीर हो सकता है। अब देखना होगा कि भीटी पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है।
