कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज के नाक, कान एवं गला (ईएनटी) विभाग के चिकित्सकों ने एक बेहद जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देकर 18 माह के मासूम बच्चे की जान बचाई है। बच्चे के नासोफैरिंक्स (नाक और गले के बीच के हिस्से) में लगभग 20 दिनों से टूथब्रश फंसा हुआ था, जिसके चारों ओर मांस की परत (ग्रैनुलेशन) बन गई थी।ईएनटी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. संदीप यादव, डॉ. मिनाली और डॉ. सुदीप के सहयोग से इस चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया को पूरा किया। लंबे समय तक विदेशी वस्तु फंसे रहने के कारण ऑपरेशन अत्यंत कठिन था, लेकिन चिकित्सकों की सूझबूझ और टीम वर्क से टूथब्रश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।सफल ऑपरेशन के बाद पूरे मेडिकल कॉलेज परिसर में राहत और खुशी का माहौल छा गया। मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मुकेश यादव ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा, “सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के समर्पण, मेहनत और सामूहिक प्रयास से बच्चे को नई जिंदगी मिली है। यह मेडिकल कॉलेज की बड़ी उपलब्धि है।”ऑपरेशन के बाद बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, समय रहते सही इलाज मिल जाने से बच्चे को किसी गंभीर जटिलता से बचाया जा सका।यह घटना चिकित्सा क्षेत्र में सावधानी और त्वरित कार्रवाई के महत्व को रेखांकित करती है। अभिभावकों को भी छोटे बच्चों के साथ सतर्क रहने और घरेलू वस्तुओं को उनकी पहुंच से दूर रखने की सलाह दी जा रही है।
