जौनपुर में जर्जर मकान का बारजा गिरने से दो घायल, किसानों और दुकानदारों को भारी नुकसान
आमिर, देवल ब्यूरो , खेतासराय,जौनपुर। शुक्रवार सुबह अचानक बदले मौसम ने जिलेभर में भारी तबाही मचा दी। तेज आंधी, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। जिले के कई इलाकों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। करीब 100 से अधिक गांवों में पिछले 10 घंटे से बिजली नहीं होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम के अचानक बदले मिजाज से सबसे ज्यादा असर ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिला। तेज हवा के कारण कई स्थानों पर बिजली की लाइनें टूट गईं, जिससे पूरे इलाके अंधेरे में डूब गए। बिजली विभाग की टीमें लगातार फॉल्ट ठीक करने में जुटी हैं, लेकिन खराब मौसम और जगह-जगह तार टूटने के कारण आपूर्ति बहाल करने में दिक्कतें आ रही हैं।
वहीं खेतासराय कस्बे में तेज आंधी के दौरान एक जर्जर मकान का बारजा अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में वहां मौजूद दो लोग मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आंधी और बारिश का असर किसानों पर भी भारी पड़ा है। खेतों में तैयार खड़ी फसलें तेज हवा और बारिश से बर्बाद हो गईं। कई किसानों ने अपनी सब्जियों और अनाज की फसल को नुकसान पहुंचने की बात कही है। दूसरी ओर बाजारों में दुकानदारों को भी नुकसान झेलना पड़ा। कई जगह दुकानों के बाहर रखे सामान भीग गए, जबकि ठेले और टीनशेड हवा में उड़ गए।
बारिश के कारण शहर और कस्बों की सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। सुबह के समय स्कूल, दफ्तर और बाजार जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं बिजली विभाग का कहना है कि युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य चल रहा है और जल्द ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
.jpeg)