देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। सहकारी बैंक एवं सहकारी समितियां किसानों के सुख-दुख की सच्ची साथी हैं। सहकारी संस्थाएं किसानों का जीवन सरल, सुंदर और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उक्त बातें संयुक्त आयुक्त एवं संयुक्त निबंधक योगेंद्रपाल सिंह ने बीपैक्स गयारतवल में आयोजित किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) मेगा कैंप को संबोधित करते हुए कही।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संयुक्त आयुक्त ने सहकारी बैंकों और समितियों की हर छोटे-बड़े किसान तक पहुंचने की क्षमता और उनकी सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि सहकारिता किसान और कृषि की प्राणवायु है। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर ऋण, खाद और बीज उपलब्ध कराना सहकारिता विभाग की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जिला सहकारी बैंक के डायरेक्टर अवधेश सिंह पटेल ने बीपैक्स की सदस्यता बढ़ाने, उर्वरक वितरण, ऋण वितरण और धान खरीद के लक्ष्यों की पूर्ति के लिए सहकारी कर्मचारियों एवं किसानों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र में अमित शाह और प्रदेश में जेपीएस राठौर के सहकारिता मंत्रालय संभालने के बाद सहकारिता क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। सहायक आयुक्त सहकारिता देवेंद्र कुमार सिंह ने भीषण गर्मी के बावजूद किसानों की बड़ी उपस्थिति को उत्साहजनक बताते हुए
कहा कि तमाम चुनौतियों के बाद भी किसानों को समय से खाद, बीज और ऋण उपलब्ध कराने के लिए विभाग और जिला सहकारी बैंक लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने सचिवों से उर्वरक भुगतान समय पर सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी उर्वरक संकट का कारण बन सकती है। जिला सहकारी बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक राजकुमार यादव ने बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से समय पर ऋण भुगतान करने की अपील की, ताकि भविष्य में और अधिक किसानों को ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक रॉबर्ट्सगंज प्रमोद राय तथा इफको एसएफए अवनीश पांडेय ने भी विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य अधिकारियों द्वारा पांच किसानों को 13 लाख रुपये का केसीसी ऋण वितरित किया गया। वहीं इससे पूर्व बीपैक्स केकराही, विकासखंड करमा में आयोजित कैंप में चार किसानों को 12 लाख रुपये का केसीसी ऋण वितरित किया गया।
.jpg)