देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मंगलवार को पटवध-बसुआरी प्रमुख जिला मार्ग स्थित घाघर नदी पर निर्माणाधीन सेतु का औचक निरीक्षण कर कार्य की प्रगति और
गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री के उपयोग पर कड़ी नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्था और अभियंताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि सेतु निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप और निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्माण सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी से अनिवार्य जांच कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्य में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की कमी पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि यह सेतु निर्माण जनहित से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करने और समयबद्ध ढंग से गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, अधिशासी अभियंता जल निगम, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संतपाल वर्मा, अपर जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी जय सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
.jpg)