आमिर, देवल ब्यूरो ,केराकत ।जौनपुर केराकत कोतवाली क्षेत्र के थानागद्दी चौकी अंतर्गत खर्गसेनपुर-सोहनी नहर मार्ग पर रविवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क किनारे युवक का शव पड़े होने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई, जबकि पुलिस ने पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार सुबह ग्रामीणों ने खर्गसेनपुर-सोहनी मार्ग पर मुख्य सड़क से लगभग 200 मीटर दूर नहर की पूर्वी पटरी के किनारे एक युवक को मृत अवस्था में पड़ा देखा। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानागद्दी चौकी के उपनिरीक्षक संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी केराकत और कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आसपास के लोगों और मौके पर एकत्र भीड़ के बीच शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी।
पुलिस के अनुसार मृत युवक की उम्र लगभग 28 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके चेहरे पर चोट के निशान मिले हैं तथा चेहरा सूजा हुआ था, जिससे मौत के कारणों को लेकर कई तरह की आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। मृतक ने काले रंग की पैंट और काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। तलाशी के दौरान उसकी जेब से बीड़ी और तंबाकू बरामद हुआ, लेकिन ऐसा कोई दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला जिससे उसकी पहचान की जा सके।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के शवगृह भेज दिया है। साथ ही मृतक की पहचान कराने और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के थानों तथा जनपदों में सूचना प्रसारित की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग युवक की पहचान को लेकर अटकलें लगा रहे हैं।
.jpeg)