देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। आगामी 7 से 21 मई तक आयोजित होने वाले स्वजनगणना अभियान को लेकर ब्लॉक सभागार में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वजनगणना की प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा मोबाइल के माध्यम से जनगणना करने का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिन महिलाओं को स्वजनगणना करने में कठिनाई हो रही है, उन्हें विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया। वहीं जिनके पास मोबाइल उपलब्ध नहीं है, उन्हें भी जागरूक करते हुए लोगों को जनगणना के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। खंड विकास अधिकारी दिनेश मिश्र ने कहा कि स्वजनगणना अभियान को सफल बनाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से घर-घर जाकर लोगों को अभियान के प्रति जागरूक करने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की। इससे पूर्व खंड विकास अधिकारी ने एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार के घर पहुंचकर स्वजनगणना के तहत जानकारी दर्ज कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड, सहायक विकास अधिकारी पंचायत अजय सिंह, एपीओ चंदन कुमार, सचिव अरशद खान समेत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं।
.jpg)