देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ काशी प्रांत के पदाधिकारियों ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर डीएम को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिला मंत्री प्रभुपाल सिंह ने नवागत जिलाधिकारी का स्वागत करते हुए कहा कि जिले के किसान उर्वरक, बीज, सिंचाई, बिजली बिल और कृषि विपणन जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिनके समाधान के लिए प्रशासनिक सहयोग आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से गेहूं क्रय केंद्रों पर बोरी की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पर्याप्त बोरी उपलब्ध न होने के कारण किसान अपना गेहूं बेचने में असमर्थ हैं। उन्होंने सभी क्रय केंद्रों पर तत्काल बोरी उपलब्ध कराने की मांग की। इसके अलावा राबर्ट्सगंज तहसील के मधुपुर, सरौली, जडेरुआ, गढ़ईगाढ़, बट्ट बत्तरा, लोहरा, सिरासिया ठकुराई और बहेरा मुबारकपुर सहित कई ग्राम सभाओं में खतौनी अंश निर्धारण न होने से किसानों को खतौनी सत्यापन और फार्मर रजिस्ट्री बनवाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस
समस्या के शीघ्र समाधान की भी मांग की गई। किसान संघ ने यह भी मांग रखी कि गेहूं क्रय केंद्र प्रभारियों को बटाईदार किसानों से भी गेहूं खरीदने के लिए निर्देशित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को सरकारी खरीद का लाभ मिल सके। प्रदर्शन के दौरान रामजी सिंह मौर्य, महेंद्र जायसवाल, जयप्रकाश सिंह, नंदलाल, राजेश पवन, विजय कुमार, बैजनाथ, छविंदर और रमेश सहित कई किसान मौजूद रहे।
.jpg)