देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। क्षेत्र में ध्वनि प्रदूषण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर अंकुश लगाने के लिए शक्तिनगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार रात बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस ने दो बुलेट मोटरसाइकिलों में लगे अवैध मॉडिफाइड (पटाखा) साइलेंसर को मौके पर ही निकलवाकर वाहन चालकों का चालान किया।
थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय के नेतृत्व में चलाए गए विशेष चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने मुख्य मार्गों पर वाहनों की सघन जांच की। जांच के दौरान दो बुलेट मोटरसाइकिलों में ऐसे मॉडिफाइड साइलेंसर पाए गए, जो अत्यधिक तेज और धमाकेदार आवाज उत्पन्न कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार इससे न केवल ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था, बल्कि आम नागरिकों, बुजुर्गों, विद्यार्थियों और मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाए और मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की। साथ ही वाहन चालकों को भविष्य में वाहनों में किसी प्रकार का अवैध संशोधन न कराने और यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर अनावश्यक शोर न फैलाएं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। पुलिस की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है। नागरिकों का कहना है कि पटाखा साइलेंसर लगे वाहन अक्सर तेज धमाकेदार आवाज निकालकर लोगों को परेशान करते हैं, जिससे राहगीरों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों को भी असुविधा होती है। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई जनहित में सराहनीय कदम है।
.jpg)