देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। आगामी मानसून को देखते हुए जनपद में जलभराव की समस्या से निपटने और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से रविवार से विशेष नाला सफाई एवं स्वच्छता अभियान की शुरुआत कर दी गई। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर नगर पालिका परिषद एवं सभी नगर पंचायत क्षेत्रों में यह अभियान एक सप्ताह तक संचालित किया जाएगा।
अभियान के प्रथम दिन नाला सफाई कार्यों की समीक्षा एवं निगरानी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपर जिलाधिकारी बगीश कुमार शुक्ला द्वारा की गई। इस दौरान नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा अभियान को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा कि नालों से निकाले गए कचरे का समयबद्ध निस्तारण कराया जाए और स्वच्छता मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था प्रभावित न हो। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सभी अधिशासी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि नाला सफाई और स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निकाय इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूरी गंभीरता से संचालित करें। जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर उदासीनता अथवा लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनपदवासियों से भी स्वच्छता अभियान में सहभागिता करने और अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। प्रशासन का मानना है कि समय रहते नालों की सफाई होने से बरसात के दौरान जलभराव की समस्या में कमी आएगी और नगर क्षेत्रों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकेगा।
.jpg)