देवल, ब्यूरो चीफ,डाला, सोनभद्र। डाला पुलिस चौकी क्षेत्र के सेक्टर-सी स्थित एलसी कॉलोनी में रविवार को एक सीमेंट कंपनी के कर्मचारी का शव उसके आवास के बंद कमरे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव कई दिन पुराना होने के कारण कमरे से तेज दुर्गंध उठ रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब पौने दस बजे एलसी कॉलोनी स्थित आवास संख्या 3/4 से तेज बदबू आने पर आसपास के लोगों का ध्यान गया। बकरी चराने वाले एक चरवाहे ने सबसे पहले इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना डाला पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस टीम के साथ
मौके पर पहुंचे और बंद कमरे का दरवाजा तुड़वाया। कमरे के भीतर बिस्तर पर एक व्यक्ति का शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान मिथिलेश कुमार (40) के रूप में हुई. जो मूल रूप से झारखंड का निवासी था और वर्तमान में स्थानीय सीमेंट फैक्ट्री के जुलगुल माइंस में पीसी ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। उसका परिवार सिंगरौली (मध्य प्रदेश) में रहता है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शव चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
.jpg)