आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के बीच यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जंघई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर नया वाटर कूलर स्थापित किया गया है। अब यात्रियों को स्टेशन पर शुद्ध एवं ठंडा पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उन्हें गर्मी के मौसम में काफी राहत मिलेगी।
स्टेशन अधीक्षक कोमल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या और गर्मी को देखते हुए स्टेशन पर पेयजल व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही स्टेशन परिसर में दो और वाटर कूलर लगाए जाएंगे, ताकि सभी प्लेटफार्मों पर यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।
नए वाटर कूलर के लगने से यात्रियों में खुशी का माहौल है। यात्रा करने वाले बामी निवासी श्रेष्ठ सिंह ने बताया कि पहले यात्रियों को बोतलबंद पानी खरीदना पड़ता था, लेकिन अब स्टेशन पर ठंडा और ताजा पानी आसानी से मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक की बोतलों में मिलने वाला पानी स्वास्थ्य के लिए भी हमेशा सुरक्षित नहीं माना जाता, ऐसे में यह व्यवस्था यात्रियों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।
गौरतलब है कि जंघई रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन करीब पांच से छह हजार यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में गर्मी के मौसम में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता यात्रियों के लिए बड़ी सुविधा मानी जा रही है। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया है।
