देवल संवाददाता, इन्दारा। अलीनगर- मझवारा शहीद मार्ग स्थित इंदारा रेलवे क्रासिंग 4सी पर ओवर ब्रिज निर्माण के चलते रविवार की दोपहर को सड़क पर ट्रक खराब हो जाने से लंबा जाम लग गया। सूचना पर आरपीएफ व अदरी चौकी पुलिस कर्मियों ने पहुंचकर एक घंटे के कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया।इंदारा रेलवे पश्चिमी फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए पिलर रखने का काम किया जा रहा था। रेलवे क्रासिंग पार कर बीच सड़क पर ट्रक खराब होने से जाम लग गया। क्रासिंग की दोनों साइडों में वाहनों की कतारें लग गईं। इस चिलचिलाती धूप व गर्मी में बाइक सवार परेशानियों का सामना करते हुए दिखाई दिए। मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यवस्था बनाते हुए जाम खुलवाया। इस निर्माणाधीन क्रासिंग पर जाम की समस्या आम हो गई है। राहगीर अभिषेक यादव,रवि कुमार,अश्वनी कुमार,जितेन्द्र, बिपुल कुमार,अन्नांत कुमार आदि ने बताया कि ओवर ब्रिज निर्माण के चलते सड़क सकरा हो जाने के कारण हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। सुबह हो या शाम दिन में कई बार जाम लग जाता है। ओवर ब्रिज निर्माण कर रही संस्था द्वारा कोई भी व्यवस्थित समाधान नहीं कराया जा रहा है।
