देवल संवाददाता, बलिया। सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा है। इसमें घाघरा नदी के तेज कटान, पुल निर्माण और सड़क की जर्जर स्थिति जैसे मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है।
सपा नेताओं ने घाघरा नदी के कटान को सबसे गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि खरीद, पुरुषोत्तम पट्टी, जिन्दापुर, बिजलीपुर, निपनिया बहदुरा और असना टूकड़ा नंबर-2 सहित कई गांवों में सैकड़ों बीघा भूमि नदी में समाहित हो चुकी है। इससे किसानों के सामने भुखमरी का संकट खड़ा हो गया है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पूर्व में जियो ट्यूब और बोल्डर से कराए गए बचाव कार्य आंशिक रूप से ही प्रभावी रहे। अब पुनः कटान तेज हो गया है, लेकिन वर्ष 2026 के लिए क्षेत्र में कोई धन स्वीकृत नहीं किया गया है, जिससे लोगों में आक्रोश है।
इसके अतिरिक्त, खरीद-दरौली घाट पर प्रस्तावित पक्के पुल का निर्माण धनाभाव के कारण रुका हुआ है। सिकंदरपुर-देवकली मार्ग की जर्जर स्थिति, गर्मी में 18-20 घंटे विद्युत आपूर्ति और असमय बारिश से गेहूं की फसल को हुए नुकसान का सर्वे कर मुआवजा देने की भी मांग उठाई गई।
उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में तहसीलदार देवेंद्र कुमार पाण्डेय ने यह ज्ञापन स्वीकार किया। सपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
