देवल संवादाता,वाराणसी। पहली बार दृष्टिहीन व 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग वाले भवन स्वामियों का संपत्तिकर शत-प्रतिशत माफ कर दिया गया है। इस लाभ को प्राप्त करने के लिए संबंधित व्यक्ति को सक्षम अधिकारी की ओर से जारी प्रमाणपत्र निगम कार्यालय में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। यह निर्णय सोमवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में हुई नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया।
15 जुलाई तक संपत्तिकर (गृहकर, सीवरकर, जलकर) ऑनलाइन जमा करने पर 12 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। इसका लाभ निर्धारित अवधि में जमा करने वाले भवन स्वामियों को मिलेगा। नगर निगम के रिकॉर्ड में कुल 2.33 लाख भवन स्वामी हैं।
नगर निगम के काउंटर पर संपत्तिकर जमा करने पर 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। जिन भवन स्वामियों ने चालू वित्तीय वर्ष का टैक्स पहले ही जमा कर दिया है, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। उनकी छूट की राशि का समायोजन अगले वित्तीय वर्ष के बिल में कर दिया जाएगा। इसी प्रकार, लाइसेंस शुल्क पर भी व्यापारियों को 10 प्रतिशत की राहत दी गई है। ये सभी लाभ एक सप्ताह के भीतर मिलने शुरू हो जाएंगे।
वरुणा रिवर फ्रंट के प्रस्ताव को शासन से मिली मंजूरी
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि वरुणा रिवर फ्रंट बनाने के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल गई है। छह परियोजनाओं के तहत वरुणा में गिरने वाले कुल 48 नालों को टैप किया जाएगा, जिनमें शहरी क्षेत्र के 17 खुले नाले भी शामिल हैं। इसके अलावा वरुणा के किनारे नई सीवर लाइन बिछाई जाएगी। करीब पांच से आठ फीट ऊंचा बनने वाला यह रिवर फ्रंट प्रोजेक्ट डेढ़ वर्ष के भीतर पूरा होने की संभावना है। इस प्रोजेक्ट के माध्यम से वरुणा किनारे के सुंदरीकरण के साथ-साथ नदी को प्रदूषण मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। ऐसे में अब वरुणा में सीधे मलजल नहीं गिरेगा।
रक्षा संपदा विभाग और रेलवे विभाग से लेगा जमीन
शहर के विकास और बुनियादी ढांचे को सुधारने के लिए नगर निगम ने रक्षा संपदा विभाग और रेलवे की कुछ जमीनों को लेने का निर्णय लिया है। इसके बदले में निगम अपनी उतनी ही मूल्य की जमीन रेलवे को देने का प्रस्ताव रखा है। इसमें रक्षा संपदा विभाग से कैंटोनमेंट, फुलवरिया फ्लाईओवर के नीचे, डोमरी व सूजाबाद तथा कैंटोनमेंट की जमीन शामिल है। इसी प्रकार रेलवे विभाग से घौसाबाद, सनबीम लहरतारा से मंडुवाडीह मार्ग, गोल्डन पीकॉक के पीछे (गुडशेड बाजार) भूमि शामिल है।
निशुल्क होंगे शहर के यूरिनल
पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए नगर निगम ने शहर के सभी यूरिनल निःशुल्क करने का निर्णय लिया है। साथ ही पारदर्शिता के लिए हिंदी और अंग्रेजी में रेट बोर्ड लगाए जाएंगे। महापौर ने एक सप्ताह के भीतर इस व्यवस्था को लागू करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शहर में सड़क किनारे लगने वाले ठेले-गुमटियों को व्यवस्थित करने के लिए सिगरा स्थित भारत सेवाश्रम के मोड़ से सुलभ शौचालय तक एक सुव्यवस्थित ‘फल बाजार’ विकसित किया जाएगा।
ये रहे मौजूद
बैठक में उपसभापति नरसिंह दास, कार्यकारिणी सदस्य अमरदेव यादव, प्रमोद राय, हनुमान प्रसाद, प्रवीण राय, सुशील गुप्ता, मदन मोहन तिवारी, राजकुमार चौधरी, अशोक मौर्या, माधुरी सिंह, सुशीला देवी के अलावा नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार, संगम लाल, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र, सहायक नगर आयुक्त अनिल कुमार यादव, जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह, सीटीओ कुमार असीम रंजन, शिखा मौर्या, मुख्य नगर लेखा परीक्षक संजय प्रताप सिंह मौजूद रहे।
