देवल संवाददाता, मऊ। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए किसानों ने प्रतिभाग कर कृषि,सिंचाई, विद्युत,उद्यान एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा।बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकता है तथा सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएं।किसानों द्वारा विद्युत संबंधी समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। किसानों ने बताया कि जनपद के कई क्षेत्रों में 11000 वोल्टेज के विद्युत तार जर्जर अवस्था में हैं, जिससे आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विद्युत विभाग के अधिकारियों को तत्काल निरीक्षण कर जर्जर तारों को बदलवाने एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में जिला उद्यान अधिकारी संदीप गुप्ता ने उद्यान विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मधुमक्खी पालन अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यह कम लागत में अधिक आय देने वाला व्यवसाय है।मधुमक्खी पालन से फसलों के परागण में वृद्धि होती है,जिससे उत्पादन बढ़ता है तथा किसानों की आय दोगुनी करने में सहायता मिलती है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा मधुमक्खी पालन हेतु अनुदान भी उपलब्ध कराया जा रहा है,जिसका लाभ लेकर किसान अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकते हैं।इसके अतिरिक्त बैठक में जिला कृषि अधिकारी सोम प्रकाश गुप्ता द्वारा किसानों को उन्नत खेती, फसल सुरक्षा,जैविक खेती एवं शासन की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने किसानों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।बैठक के दौरान किसान एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
