देवल, ब्यूरो चीफ,बीना, सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली के सीएसआर विभाग द्वारा ग्रीष्मकालीन सत्र में आयोजित एक माह के बालिका सशक्तीकरण अभियान-2026 कार्यशाला का बुधवार को स्थानीय सरस्वती सभागार में भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन एवं एनटीपीसी गीत के साथ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संदीप नायक रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में संजय असाटी, प्रज्ञा नायक, नीलू असाटी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उद्घाटन अवसर पर बालिका सशक्तीकरण अभियान के तहत चयनित बालिकाओं के साथ केक काटकर उनके जन्मदिन भी मनाए गए। अपने संबोधन में संदीप नायक ने कहा कि महिलाओं का विकास किसी भी विकसित समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए एनटीपीसी सिंगरौली लगातार सार्थक प्रयास कर रहा है और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सकारात्मक वातावरण सुनिश्चित करना संस्था की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मानव संसाधन विभागाध्यक्ष सिद्धार्थ मंडल ने बालिकाओं से कार्यशाला का अधिकतम लाभ उठाने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने शिक्षकों एवं जेम कोऑर्डिनेटरों से भी बालिकाओं में साहस एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने की अपील की। कार्यक्रम में विवेकानंद विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और जेम कार्यशाला से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान कक्षा 10 एवं 12 की उत्कृष्ट छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। सेंट जोसेफ, विवेकानंद, डॉ. अंबेडकर विद्यालय एवं वनिता समाज की ओर से रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अभियान के तहत एनटीपीसी सिंगरौली के आसपास के गांवों कोटा, तारापुर, रणहोर, लोझरा, चिल्काडांड, कोहरौल एवं रेहटा की कक्षा 6 में अध्ययनरत 120 बालिकाओं को आवासीय सुविधा के साथ व्यक्तित्व विकास, खेल, आत्मरक्षा, कला-कौशल और व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। साथ ही चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम का संचालन अनुग्रह मिश्रा एवं खुशबू यादव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ ओम प्रकाश द्वारा किया गया।
.jpg)