देवल संवाददाता, आजमगढ़। आजमगढ़ के रौनापार क्षेत्र से एक वर्ष पूर्व सगी नाबालिग बहनों का अपहरण कर बसखारी क्षेत्र के किछौछा (अंबेडकरनगर) लाया गया। यहां आरोपी ने दोनों बहनों का साथियों के साथ मिलकर धर्म परिवर्तन कराया। इसके बाद छोटी बहन से निकाह कर दोनों के साथ किराए के मकान में रहने लगा और यहां लगातार दुष्कर्म किया। करीब 10 दिन पूर्व पिता ने एसपी प्राची सिंह से मुलाकात कर उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। इसके बाद बेवाना थाने में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों बहनों को पुलिस ने ढूंढ लिया। साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आजमगढ़ के रौनापार क्षेत्र के एक व्यक्ति ने एसपी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि इसी थाना क्षेत्र के बाजार गोसाई का आरोपी उनकी 17 व 15 साल की बेटियों का पांच मई 2025 को अपहरण कर ले गया था। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल पाया था। कुछ दिन पूर्व उन्हें जानकारी हुई कि आरोपी ने दोनों बेटियों का किछौछा में अपने सहयोगी व कुछ अन्य अज्ञात लोगों के सहयोग से एक किराये के मकान में लेकर रखा है। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए। बेवाना पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू की और किछौछा के रसूलपुर नई बस्ती से दोनों बहनों को ढूंढ लिया। दोनों से पूछताछ शुरू हुई तो धर्म परिवर्तन कराने का बड़ा मामला खुलासा हुआ। एसओ प्रभाकांत तिवारी के अनुसार राज पहले दोनों बहनों का अपहरण कर गाजियाबाद ले गया था। करीब तीन माह बाद किछौछा आ गया था। यहां उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दोनों बहनों का धर्म परिवर्तन कराया और 15 साल की किशोरी का नाम बदलकर उससे निकाह कर लिया था। इसके बाद वह दोनों को साथ लेकर एक किराये के मकान में रहने लगा था। यहां वह दोनों के साथ दुष्कर्म करता रहा। इस बीच छोटी बहन गर्भवती हो गई और उसने करीब दो माह पूर्व एक बच्चे को भी जन्म दे दिया। पूछताछ के आधार पर बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी को रामपुर सकरवारी से अशरफाबाद जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया है।
दो नाबालिग बहनों का अपहरण कर धर्म परिवर्तन कराकर करता रहा दुष्कर्म, हुआ गिरफ्तार!
मई 15, 2026
0
Tags
